अनियमिताओं की आंगनवाड़ियां : कलेक्टर के निर्देश पर अफसरों ने की आंगनवाड़ियों की जांच, आधी बंद मिलीं तो कुछ में बच्चे कम मिले, जारी हो रहे नोटिस

सोमवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों आंगनवाड़ियों की आकस्मिक जांच की तो लगभग आधी बंद मिलीं। कुछ में बच्चों की संख्या पर्याप्त नहीं धी।

Nov 28, 2023 - 00:42
Nov 29, 2023 - 14:22
 0
अनियमिताओं की आंगनवाड़ियां : कलेक्टर के निर्देश पर अफसरों ने की आंगनवाड़ियों की जांच, आधी बंद मिलीं तो कुछ में बच्चे कम मिले, जारी हो रहे नोटिस
मोरिया गांव की आंगनवाड़ी में मिठाई खाने के दौरान का दृश्य।

बंद मिली आंगनवाड़ी की कार्यकर्ताओं को जारी हो रहे नोटिस

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार के निर्देश पर जिले के एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदारों ने सोमवार को आंगनवाड़ियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तकरीबन आधी आंगनवाड़ियां बंद मिलीं, वहीं कई में बच्चों की संख्या कम मिली। एक आंगनवाड़ी में तो सहायिका रिकॉर्ड तक नहीं दिखा सकीं। ऐसी सभी आंगनवाड़ियों की कार्यकर्ताओं को शोकॉज नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

150

500
200

आलोट : 3 बंद मिलीं, 1 में मध्यान भोजन नहीं पहुंचा

आलोट क्षेत्र में एसडीएम सुनील जायसवाल एवं तहसीलदार सोनम भगत ने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 5, 6, 9, 10, 11, 12 और 13 का निरीक्षण किया। इनमें से आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 5, 12 तथा 13 बंद पाई गईं। केंद्र क्रमांक 6 में सोमवार को स्वयं सहायता समूह द्वारा भोजन ही पहुंचाया गया।

जावरा : 4 आंगनाड़ी बंद, 3 में बच्चे नहीं

जावरा अनुविभाग में एसडीएम अनिल भाना एवं तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों ने आंगनवाड़ियों का निरीक्षण किया। ग्राम लोहारी, भैसाना और जावरा के यादव मोहल्ले और लालाखेड़ा की आंगनवाड़ी बंद पाई गई। बोरदा की आंगनवाड़ी में बच्चे ही नहीं मिले। यहां बताया गया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति प्रक्रिया प्रचलित है। इसलिए संचालन सहायिका द्वारा किया जा रहा है। वहीं लोहारी में  निरीक्षण के समय स्टाफ तथा बच्चे  दोनों ही मौजूद नहीं थे। जावरा शहर की अन्य आंगनवाड़ियों में भी निरीक्षण बच्चे नहीं मिले। इनमें मेवातीपुरा व ऊंट खाना की आंगनवाड़ियां शामिल हैं।

बड़ावदा : 1 बंद, 1 में रिकॉर्ड नहीं दिखाया

बड़ावदा में निरीक्षण के दौरान राजाखेड़ी गांव तथा बड़ावदा के वार्ड क्रमांक 4 की आंगनवाड़ी बंद मिलीं। वहीं ठिकरिया में उपस्थित सहायिका रिकॉर्ड दिखाने में असमर्थ रही।

पिपलौदा : 5 आंगनवाड़ी बंद, 2 में कार्यकर्ता गैरहाजिर

पिपलौदा तहसीलदार ने विकासखंड की आंगनवाड़ियों का निरीक्षण किया। पिपलौदा की मिनी आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 9, आयाना, ग्राम हरियाखेड़ा, चिकलाना, सेमलिया की आंगनवाड़ियां बंद पाई गईं। जो खुली मिलीं वहां बच्चे नहीं मिले। इनमें रियावन और कालूखेड़ा की आंगनवाड़ियां शामिल हैं।

सैलाना : बच्चों की संख्या कम मिली, कुछ बंद मिलीं

जिले के सैलाना अनुभाग में एसडीएम मनीष जैन के अलावा तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने कांगसी, सुंडी, बायड़ी, भेड़ली, शिवगढ़, मकोड़िया रुंडी, अडवानिया, सरवानिया, उंडेर आदि गांवों की आंगनवाड़ियों का औचक निरीक्षण किया। इनमें से कई में बच्चों की संख्या अपेक्षाकृत कम मिली। अधिकारियों द्वारा भोजन की गुणवत्ता परखी गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को पोषण युक्त आहार प्रदाय करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। बाजना और रावटी में भी तहसीलदारों द्वारा विभिन्न ग्रामों की आंगनवाड़ियों का निरीक्षण किया। 

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।