रतलामी मावे में खोट ! कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त दल ने मावा विक्रेताओं के यहां दी दबिश, पौने चार क्विंटल मावा जप्त

प्रशासन ने मिलावट की शंका पर शहर की दुकानों पर दबिश लेकर पौने चार क्विंटल मावा जब्त किया है।

Jul 27, 2023 - 00:23
Jul 27, 2023 - 12:25
 0
रतलामी मावे में खोट ! कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त दल ने मावा विक्रेताओं के यहां दी दबिश, पौने चार क्विंटल मावा जप्त
रतलामी मावे में खोट।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सोने और मावे की शुद्धता के लिए प्रसिद्ध रतलाम की साख पर व्यापारियों का लालच बट्टा लगा रहा है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर बुधवार को प्रशासन के संयुक्त दल द्वारा दी गई दबिश के दौरान पौने चार क्विंटल मावा जब्त हुआ। यह जांच के लिए सेंट्रल लेबोरेटरी में भेजा जा रहा है।

बुधवार को अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने अधिकारियों का संयुक्त दल गठित कर निरीक्षण के लिए भेजा। दल में राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नाप-तौल, पुलिस शामिल रही। दल ने एक साथ रतलाम के चांदनी चौक स्थित दुकानों पर अचानक धावा बोला जहां ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मावे को क्रय कर विक्रय किया जाता है। इनमें सुभाष शैतानमल मावा भंडार से सफेद तथा पीले मावे के नमूने, मोतीलाल ईश्वरलाल मावावाला से मावे का नमूना, शंकरलाल मावा भंडार से सफेद और पीले मावे का नमूना लिया।

150

500
200

इसके बाद टीम मथुरी में स्थित राज कोल्ड केयर पहुंची जहाँ पर मावा निर्माण कर कोल्ड स्टोरेज में मावे का भंडारण किया जाता है वहां से मावे के दो नमूने लिए गए। दल द्वारा अपनी कार्रवाई में मिलावट की शंका के आधार पर लगभग 93 हजार रुपए मूल्य का 3 क्विंटल 73 किलोग्राम मावा जांच रिपोर्ट आने तक मालिक अमित भंडारी की अभिरक्षा में रख दिया गया।

तौल कांटे और बांट का किया सत्यापन

नाप-तौल विभाग द्वारा मावा दुकानों के कांटे-बांट का निरीक्षण किया। सभी दुकानों के कांटे-बांट सत्यापित एवं मुद्रांकित पाए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा एवम् मानक अधिनियम 2006 के अन्तर्गत नियमनुसार कार्यवाही की जाएंगी। कार्यवाही में डिप्टी कलेक्टर संजय शर्मा, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा, ज्योति बघेल, प्रीति मंडोरियानाप-तौल विभाग के सहायक नियंत्रक नसीम खान एवम् पुलिस बल द्वारा की गई। सभी संस्थानों को स्वच्छता बनाए रखने एवं  गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों के निर्माण संग्रहण एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए। आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।