रतलाम : रेलवे स्टेशन पर अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने अनुबंधित वाहन में मिला ड्राइवर का अर्द्धनग्न शव, तीन दिन से नहीं लौटा था घर

रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने खड़ी अनुबंधित वाहन में ड्राइवर हिम्मत का शव मिला। जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है।

रतलाम : रेलवे स्टेशन पर अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने अनुबंधित वाहन में मिला ड्राइवर का अर्द्धनग्न शव, तीन दिन से नहीं लौटा था घर
रेलवे स्टेशन पर अनुबंधित वाहन में मिला चालक का अर्द्धनग्न शव। जीआरपी कर रही जांच।

प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने खड़ा था वाहन, जीआरपी ने शुरू की जांच, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर स्थित मालवा अधिकारी रेस्ट हाउस के सामने बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां खड़े एक अनुबंधित वाहन में ड्राइवर का शव मिला। शव वाहन की पिछली सीट पर अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार वाहन में शव मिलने की सूचना प्रेम सिंह पिता उमराव सिंह रावत (57) निवासी म.न. 108/4 सर्वोदय नगर, भारत गैस गोदाम रतलाम ने जीआरपी चौकी पर दी थी। सूचनाकर्ता ने बताया कि बुधवार को सुबह 09.30 बजे प्लेटफार्म नंबर 7 के बाहर मालवा रेस्ट हाउस रोड पर रखे बोलेरो वाहन में चालक का शव मिला है। मृतक की पहचान हिम्मत सिंह पिता दातार सिंह (37) निवासी बंगला न. 1686, रोड न. 08 ओल्ड रेलवे कॉलोनी रतलाम के रूप में हुई है। जवाहर नगर रतलाम का स्थायी निवासी हिम्मत रेलवे में अनुबंधित वाहन पर अस्थायी तौर पर ड्राइवरी करता था।

भारत सरकार लिखा है वाहन पर

जिस वाहन में शव मिला उसका नंबर MP 43ZB 9255 और उस पर भारत सरकार भी लिखा हुआ है। इसका उपयोग अधिकांशतः रेलवे के कंट्रोल ऑफिस के आपातकालीन शासकीय कार्यों के लिए किया जाता था। बताया जा रहा है कि वह किसी रोहित नाम के कॉन्ट्रैक्टर का वाहन भी चलाता था। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।

ये भी पढ़ें

तीन दिन से घर नहीं लौटा था

परिजन के अनुसार हिम्मत पिछले करीब तीन दिनों से घर नहीं लौटा था। बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन परिसर में अनुबंधित वाहन के भीतर उसका शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में भी हड़कंप मच गया। पुलिस मृतक के परिजन से पूछताछ कर उसके पिछले तीन दिनों के घटनाक्रम, संपर्क में रहे लोगों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। जीआरपी मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है। यह पता किया जा रहा है कि हिम्मत अंतिम बार किसके संपर्क में आया था, वह गाड़ी में कब दाखिल हुआ। घटनास्थल और वाहन से मिलने वाले तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

हर पहलू से जांच कर रहे

जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार के अनुसार शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हो सकता है उसे हार्ट अटैक आया हो। मामले में दुर्घटना, हत्या अथवा अन्य संभावित कारणों के पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें