रतलाम के पहले कम्युनिटी रेडियो Radio Vibes 88.8 FM का आधिकारिक शुभारंभ 18 अक्टूबर को, रतलाम की आवाज़ को मिलेगी नई पहचान

रतलाम के पहले कम्युनिटी रेडियो Radio Vibes 88.8 FM का 18 अक्टूबर को शुभारंभ होगा। महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, मालवी संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच।

रतलाम के पहले कम्युनिटी रेडियो Radio Vibes 88.8 FM का आधिकारिक शुभारंभ 18 अक्टूबर को, रतलाम की आवाज़ को मिलेगी नई पहचान
प्रेस वार्ता को संबोधित करती सक्षम संचार फाउंडेशन की निदेशक अर्चना शर्मा।

- अजंता पैलेस में होगा उद्घाटन समारोह; महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, मालवी भाषा, लोकसंस्कृति और जन-जागरूकता पर केंद्रित होंगे कार्यक्रम

- ‘आधी आबादी’, ‘शख्सियत’ और ‘मालवी की माटी’ जैसी सीरीज़ के जरिए सामने आएंगी रतलाम की प्रेरक कहानियां

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम को अपनी आवाज़ और अपनी पहचान देने की दिशा में एक नई पहल के रूप में शहर के पहले कम्युनिटी एफएम रेडियो Radio Vibes 88.8 FM का आधिकारिक शुभारंभ 18 अक्टूबर को अजंता पैलेस में होगा। यह पहल केवल एक रेडियो स्टेशन की शुरुआत नहीं, बल्कि रतलाम की प्रतिभाओं, जरूरतों, संस्कृति और विकास की संभावनाओं को एक साझा मंच देने का प्रयास है।

यह जानकारी प्रेसवार्ता में सक्षम संचार फाउंडेशन की निदेशक अर्चना शर्मा ने दी। इस दौरान साहित्यकार डॉ. प्रवीणा दवेसर, एडवोकेट अदिति दवेसर, RJ हिमशिखा एवं अंजलि सोलंकी सहित अन्य उपस्थित रहे। शर्मा ने बताया कि अर्चना शर्मा ने बताया Radio Vibes 88.8 FM के आधिकारिक शुभारंभ कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश पुनिया मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का संचालन विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रतलाम के महापौर प्रह्लाद पटेल, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट और युवाम के संस्थापक व पूर्व विधायक पारस सकलेचा होंगे।

यह है मुख्य उद्देश्य

शर्मा ने बताया कि “समुदाय का, समुदाय के लिए और समुदाय के द्वारा” की भावना के साथ Radio Vibes का उद्देश्य रेडियो को मनोरंजन से आगे बढ़ाकर शिक्षा, जन-जागरूकता, सामाजिक सशक्तीकरण और स्थानीय विकास का प्रभावी माध्यम बनाना है। इसके जरिए रतलाम और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपनी बात रखने, अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने समुदाय से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का अवसर मिलेगा।

Radio Vibes की परिकल्पना के साथ सक्षम संचार फाउंडेशन समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके सशक्तीकरण के लिए कार्य करेगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के अलग-अलग समुदायों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप जानकारी, जागरूकता और अवसर उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें

इन मुद्दों पर होगा फोकस

महिला सशक्तीकरण और स्वयं सहायता समूह : निदेशक शर्मा के अनुसार, महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने, स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने तथा डिजिटल और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उद्देश्य है कि महिलाएँ नई तकनीक और वित्तीय जानकारी का उपयोग कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

शिक्षा, विद्यार्थी और नई तकनीक : विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा और डिजिटल तकनीक से परिचित कराने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि रतलाम के दूरस्थ गाँवों में रहने वाले विद्यार्थियों तक भी नई तकनीकों की जानकारी पहुँचे, ताकि अवसरों और ज्ञान तक उनकी पहुँच बेहतर हो सके।

मालवी भाषा, लोकगीत और लोकसंस्कृति : मालवा की लोकभाषा, लोकगीत, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने तथा विलुप्त होती सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्जीवित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। रेडियो स्थानीय कलाकारों, लोक प्रतिभाओं और संस्कृति से जुड़े लोगों को मंच प्रदान करेगा, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सके। 

ये भी पढ़ें

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता : मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक संकोच को कम करने और लोगों तक उपयोगी जानकारी पहुँचाने के लिए रेडियो के माध्यम से संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।

साहित्य और स्थानीय प्रतिभाएँ : साहित्यिक गतिविधियों, लेखकों, कवियों, कलाकारों, गायकों और उभरती प्रतिभाओं को मंच देना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और व्यापक पहचान बनाने का अवसर देना है।

इसके अतिरिक्त, किसानों, युवाओं, व्यापारियों और समाज के अन्य वर्गों से जुड़े विषयों को भी रेडियो के कार्यक्रमों में स्थान दिया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सड़क सुरक्षा और जनहित के मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास होगा।

सामने आएँगी रतलाम की प्रेरक कहानियाँ

अर्चना शर्मा ने बताया, Radio Vibes 88.8 FM के कार्यक्रमों में स्थानीय प्रतिभाओं, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों और मालवा की सांस्कृतिक विरासत को विशेष स्थान दिया जाएगा। इसी उद्देश्य के साथ RJ हिमशिखा और RJ अंजलि ने अपने कार्यक्रमों और विशेष सीरीज़ की रूपरेखा साझा की।

RJ हिमशिखा का ‘आधी आबादी’ शो महिलाओं को समर्पित होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में अपने कार्यों, उपलब्धियों और योगदान से अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं की कहानियाँ सामने लाई जाएँगी। इंटरव्यू के जरिए इन महिलाओं के संघर्ष, अनुभव, सफलता और समाज के प्रति उनके योगदान को श्रोताओं तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान दिलाना और दूसरी महिलाओं को प्रेरित करना है।

RJ अंजलि की ‘शख्सियत’ सीरीज़ के माध्यम से रतलाम की उन हस्तियों और व्यक्तित्वों को श्रोताओं से रूबरू कराया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इस सीरीज़ में उनके अनुभवों, संघर्षों, उपलब्धियों और प्रेरक सफर को सामने लाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों की सफलता की कहानियाँ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सकें।

ये भी पढ़ें

शर्मा के अनुसार, ‘मालवी की माटी’ सीरीज़ का उद्देश्य मालवा की लोकभाषा, संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को social media  के माध्यम से प्रस्तुत करना है। बदलते समय के साथ कम प्रचलित होती जा रही मालवी भाषा और उससे जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से Radio Vibes स्थानीय महिलाओं, प्रेरक व्यक्तित्वों, कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को एक ऐसा मंच देना चाहता है, जहाँ उनकी पहचान और उनके योगदान को सम्मान मिल सके।

रतलाम की आवाज़ को मिलेगा व्यापक मंच 

Radio Vibes 88.8 FM का लक्ष्य रतलाम की स्थानीय प्रतिभाओं और सामुदायिक जरूरतों को सामने लाना है। रेडियो के माध्यम से उन लोगों और कहानियों को मंच देने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें अक्सर व्यापक पहचान नहीं मिल पाती। यह मंच स्थानीय मुद्दों पर संवाद, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव को प्रोत्साहित करेगा।

इस पहल की मूल भावना रतलाम को शिक्षा, व्यापार, संस्कृति, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास और सामाजिक जागरूकता के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसरों से जोड़ना है। Radio Vibes एक ऐसा मंच बनना चाहता है, जहाँ समुदाय की भागीदारी से समुदाय के विकास की कहानियाँ सामने आएँ।

Radio Vibes 88.8 FM का ध्येय वाक्य है- रतलाम की अपनी आवाज़, अपने लोगों के लिए। समुदाय का, समुदाय के लिए और समुदाय के द्वारा।

ये भी पढ़ें