गृह प्रवेश के दिन डॉक्टर के घर से 12 लाख के सोने के जेवर और नकदी चोरी, CCTV फुटेज ने की आरोपी की चुगली तो पकड़ा गया

रतलाम की अष्टापद कॉलोनी में डॉक्टर परिवार के घर हुई 12 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी सूरज उर्फ सुरेश को गिरफ्तार कर सोने के जेवर और मोबाइल बरामद किए गए।

गृह प्रवेश के दिन डॉक्टर के घर से 12 लाख के सोने के जेवर और नकदी चोरी, CCTV फुटेज ने की आरोपी की चुगली तो पकड़ा गया
डॉक्टर के घर हुई चोरी का खुलासा करते एसपी अमित कुमार।

मुहूर्त की रात चोरी ! डॉक्टर के घर से 12 लाख के सोने के जेवर और नकदी लेकर भागा चोर, CCTV फुटेज ने कर दी आरोपी की चुगली, हो गया गिरफ्तार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की अष्टापद कॉलोनी में डॉक्टर के के घर मुहूर्त कार्यक्रम के दौरान हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा किया। इस दौरान एएसपी विवेक कुमार लाल, CSP अजय सारवान एवं थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी गायत्री सोनी भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया आरोपी ने घर में कार्यक्रम और परिवार की थकान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

मुहूर्त कार्यक्रम के दौरान हुई चोरी

पुलिस के अनुसार, फरियादी पूनमचंद खराड़ी (61) निवासी ग्राम सेमलखेड़ा, हाल मुकाम अष्टापद कॉलोनी, सफायर स्कूल के पास बरवड़, रतलाम ने 16 मई को औद्योगिक क्षेत्र थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि जावरा में पदस्थ डॉ. शंकरलाल खराड़ी के मकान का मुहूर्त कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य थकान के चलते सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर से सोने के आभूषणों से भरा बैग, नगदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान में सोने का हार, कान के सोने के लौंग, सोने की बोर, तीन मोबाइल फोन और करीब 30 हजार रुपए नकद शामिल थे।

ये भी पढ़ें

CCTV फुटेज से मिला पहला सुराग

शिकायत के आधार पर औद्योगिक क्षेत्र थाने पर अपराध क्रमांक 468/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसकी पहचान सूरज उर्फ सुरेश पिता अमरसिंह चारेल (22) निवासी सिमलावदा थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल, रतलाम के रूप में हुई।

पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

यह मिला आरोपी के पास से

  • विवो कंपनी का मोबाइल
  • ओप्पो कंपनी का मोबाइल
  • सैमसंग मोबाइल
  • एक अन्य मोबाइल फोन
  • सोने का हार
  • कान के सोने के लोंग

कार्यक्रम और लापरवाही बनी वारदात की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में कार्यक्रम होने और देर रात तक गतिविधियां चलने के कारण सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। परिवार के सदस्य सो गए और इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी घर से आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी से यह भी पूछताछ कर रही है कि उसने चोरी की साजिश पहले से रची थी या उसे कार्यक्रम की जानकारी पहले से थी।

ये भी पढ़ें