उपलब्धि का सम्मान ! सिंधी समाज की 110 प्रतिभाओं का हुआ अभिनंदन, भारतीय सिंधु सभा ने किया पुरस्कृत
भारतीय सिंधु सभा ने सिंधी समाज की 110 मेधावी प्रतिभाओं का अभिनंदन किया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय सिंधु सभा रतलाम का मेधावी छात्र सम्मान समारोह संत कंवरराम नगर विरियाखेड़ी गुरु नानक भवन (गुरुद्वारे) में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कृष्णकांत पांडेय थे। अध्यक्षता सोनी समाज के पूर्व अध्यक्ष मोहन सोनी ने की। हीरालाल करमचंदानी, राजू मलकानी व जयकुमार टेकचंदानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों ने सिंधी समाज के लगभग 110 प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सर्वप्रथम अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन एवं झूलेलाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात भारतीय सिंधु सभा का गीत एवं सिंधी समाज के बालक एवं बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसका संचालन भारतीय सिंधु सभा की महिला शाखा की पदाधिकारियों ने किया। सभी प्रतियोगियों को कमलेश मूलवानी (धराड़) की ओर से पुरस्कृत किया गया। आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग देने के लिए हीरालाल करमचंदानी, मुरली आवतानी, चंदन मोतियानी, डॉ. विशाल गनवानी एवं राजू परियानी तथा सभी प्रायोजकों का भारतीय सिंधु सभा द्वारा अभिनंदन किया गया।
ये भी पढ़ें
सिंधी समाज की एक और होनहार बालिका वैदेही बलानी का विशेष सम्मान भारतीय सिंधु सभा के द्वारा किया गया। VFX एनीमेशन में कोर्स करके फिल्म इंडस्ट्री में कई फिल्मों VFX को-ऑर्डिनेटर के रूप में कार्य किया। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म धुरंधर 1 एवं धुरंधर 2 में भी VFX को-ऑर्डिनेशन टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यार्थियों को पुरस्कार मुरली फुलवानी, रमेश नाथानी, रमेश चोयथानी, पवन चोयथानी, सुगनाचंद प्रीतवानी, विजय गुरियानी, कैलाश टेकवानी एवं जय पंजवानी परिवार की ओर से प्रदान किए गए।
यह विद्यार्थियों का नहीं, सम्मान का सम्मान है- पांडेय
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक कृष्णकांत पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों का सम्मान मतलब सम्मान का सम्मान किया गया है। आप सभी रतलाम का नाम विश्व में रोशन करें। हमारी संस्कृति, भाषा को संजोकर रखने की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। शहीद हेमू कालानी की वीरता एवं बलिदान प्रेरणादायी है। समाजजन को सिंधी भाषा में बोलें और मुझे भी इसके कुछ शब्द सिखाएं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने व संवर्धन के कार्य करें और सिंधी समाज के विकास हेतु एकीकृत होकर सामंजस्य स्थापित करें।
ये भी पढ़ें
इन्होंने भी संबोधित किया
अध्यक्षता कर रहे सोनी समाज के पूर्व अध्यक्ष मोहन सोनी ने कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रमों से जुड़े का काफई अनुभव रहा है। सिंधी समाज के आध्यात्मिक गुरु पं. भवानीशंकर शर्मा ने कार्यक्रम की प्रशंसा की एवं भारतीय सिंधु सभा को समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की। भारतीय सिंधु सभा रतलाम शाखा के अध्यक्ष राजू मलकानी ने भारतीय सिंधु सभा रतलाम के द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों का उल्लेख किया। सिंधु सभा रतलाम के कार्यवाहक अध्यक्ष जयकुमार टेकचंदानी ने भी संबोधित किया।
स्वास्थ्य शिविर और महाकाल दर्शन यात्रा का होगा आयोजन
विनोद करमचंदानी ने समाज के लिए आगामी दिनों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर एवं महाकाल दर्शन यात्रा आदि की जानकारी दी। संचालन सभा के महामंत्री हरीश करनानी ने किया। आभार प्रदर्शन कार्यवाहक अध्यक्ष जयकुमार टेकचंदानी ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें







