श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में 225 विद्यार्थियों का सम्मान, डीआईजी निमिष अग्रवाल ने दिया सफलता का सूत्र
रतलाम में श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में 225 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। डीआईजी निमिष अग्रवाल ने कहा कि सफलता केवल मेडल और प्रमाणपत्र से नहीं बल्कि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच से मिलती है।

शिक्षा व खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 225 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बच्चों को अच्छी आदतें रखना चाहिए, अनुशासन में रहना चाहिए तथा सब की मदद कर अनुशासित जीवन जीना चाहिए। हर विधार्थी को बड़े सपने देखना चाहिए किंतु इसके साथ कड़ी मेहनत भी करना होगी तो ही वह जीवन का लक्ष्य प्राप्त कर सकेगा। अनुशासित जीवन अच्छा जीवन जीने में सहायक होता है। केवल मेडल और सर्टिफिकेट जीतने का मतलब यह नहीं कि हम सफल हैं।
यह बात रतलाम रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक निमिष अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कही। वे श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति द्वारा नगर में संचालित विद्यालयों के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन अरविंद मार्ग स्थित खालसा सभागृह में किया गया था। समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह ने कहा कि बच्चों को संवारने में शिक्षकों का बहुत बड़ा त्याग है। शिक्षक ही ऐसा व्यक्ति है जो अपने शिष्यों को अपने से ऊपर जाता देखकर प्रसन्न होता है। खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। अगर किसी खेल में हार मिलती है तो इसे सकारात्मक रूप में लेना चाहिए। हो सकता है कि ईश्वर ने आपको इससे बड़ी जीत के लिए तैयार किया है। विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग केवल शैक्षिक कार्य के लिए ही करना चाहिए। बच्चों की उपलब्धि में शिक्षकों के साथ-साथ उनके पालकों का भी अहम् योगदान है।
शबद कीर्तन हुआ, स्वागत गीत गाया
कार्यक्रम के प्रारंभ में डीआईजी निमिष अग्रवाल, श्री गुरु सिंहसभा प्रधान अवतार सिंह सलूजा, समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग, सचिव अजीत छाबड़ा, अकादमी प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री शास्त्री एवं कश्मीर सिंह सोढ़ी ने मां सरस्वती व गुरु श्री तेग बहादुर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन किया। शबद-कीर्तन प्रीतकौर भामरा ने व मां सरस्वती की आराधना नीलिमा चौधरी व रुचि चौहान ने प्रस्तुत की। बच्चों ने स्वागत समूह गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत गुरनाम सिंह डंग, उपाध्यक्ष हरजीत चावला, सचिव अजीत छाबड़ा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह वाधवा, सहसचिव हरजीत सलूजा, प्रवक्ता सुरेन्द्र सिह भामरा, समिति सदस्य गगनदीप सिंह डंग, धर्मेंद्र गुरुदत्ता, गुरविंदर खालसा, गुरमीत सिंह गुरुदत्ता, प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री, प्रधान अध्यापिका सरला माहेश्वरी, कविता कुंवर, अमरपाल वाधवा आदि ने किया।
इन्हें मिले मेडल
कक्षा 12वीं के अल्फिया भाटी, सचिन शुक्ला, आदर्श सिंह भदौरिया, कक्षा 10वीं के प्रांजल चौहान, मधुकना पाटीदार, 8वीं की खुशमीत कौर, 5वीं की वेदिका पंडिया एवं जयंती सेन (रेसलिंग), राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हीजल पाटीदार, आर्या उपाध्याय, नमन तलोदिया, भविष्य प्रताप सिंह, गुरकीरत सिंह सलूजा सहित 225 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
इनकी स्मृति में मिला सम्मान
विद्यार्थियों को समिति संस्थापक स्व. सरदार राजेंद्र सिंह स्मृति, समिति पूर्व अध्यक्ष स्व. सरदार हरदयाल सिंह वाधवा स्मृति, स्व. मेलाराम छाबड़ा स्मृति, पूर्व कोषाध्यक्ष सरदार दर्शनसिंह गुरुदत्ता स्मृति पुरस्कार के साथ ही विभिन्न ट्राफियां, प्रमाण-पत्र, मेडल व नगद पुरुस्कार प्रदान किए गए। सिख समाज की अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। समिति ने मुख्य अतिथि डीआईजी अग्रवाल का शाल-श्रीफल व प्रतीक चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। संचालन सीमा भाटी ने किया। आभार अजीत छाबड़ा ने माना। अंत में राष्ट्रगान हुआ।