बड़ी कार्रवाई : रंगदारी के लिए थानेदार की जीप ले गए थे बदमाश, ASP ने सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को कर दिया लाइन अटैच

 रतलाम एएसपी ने लापरवाही के मामले में एक सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान दो बदमाशों ने थानेदार की जीप लेकर कर रंगदारी वसूलने का प्रयास किया था।

Jan 17, 2024 - 21:57
Jan 17, 2024 - 22:16
 0
बड़ी कार्रवाई : रंगदारी के लिए थानेदार की जीप ले गए थे बदमाश, ASP ने सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को कर दिया लाइन अटैच

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । एडिशनल एसपी (एएसपी) राकेश खाखा ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने रतलाम शहर के स्टेशन रोड थाने के एक सब इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। कार्रवाई लापरवाही बरतने के कारण हुई है जिसके चलते दो युवक रंगदारी करने के लिए थानेदार की जीप उठा ले गए थे।

गुंडों-बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आम आदमी ही नहीं, पुलिस तक को नहीं छोड़ रहे। एक दिन पूर्व दो युवक रंगदारी के लिए स्टेशन रोड ताने से थानेदार की जीप ही उठा ले गए थे। यह लापरवाही पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उज्जैन रेंज आईजी संतोष सिंह ने एएसपी राकेश खाखा को मामले की जांच कर एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर एएसपी ने थाने के चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

ये पुलिसकर्मी हुए लाइन अटैच

एएसपी खाखा ने सब इंस्पेक्टर देवीलाल पाटीदार, हेड कांस्टेबल शैलेंद्रसिंह व कांस्टेबल नीरज चौहान व याकूब को तत्काल प्रभाव से थाने से हटाते हुए लाइन अटैच कर दिया है। यह प्रारंभिक कार्रवाई है। एएसपी ने कहा है कि यदि जांच में अन्य लोगों की लापरवाही सामने आई तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

होटल संचालक से रंगदारी वसूलने का किया था प्रयास

बता दें कि थानेदार की जीप ले जाने का मामला 14-15 जनवरी की रात का है। दो युवक जीप लेकर स्टेशन रोड स्थित एक होटल पर पहुंच गए थे और होटल संचालक से रंगदारी वसूली का प्रयास किया था। होटल संचालक ने इसकी रिपोर्ट स्टेशन रोड थाने पर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी युवकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।