खाद के लिए सख्ती ! ई-टोकन प्रणाली से खाद नहीं बेचने वाले 19 निजी उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
रतलाम में 19 विक्रेताओं द्वारा ई-टोकन के बिना ही खाद बेचने का मामला सामने आया है। कलेक्टर के निर्देश पर सभी विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । किसानों को उर्वरक (खाद) की आपूर्ति में गड़बड़ी नहीं हो इसके लिए प्रशासन सख्ती बरत रहा है। कतिपय निजी विक्रेताओं द्वारा ई-टोकन जारी किए बिना खाद बेंचने के मामले भी प्रशासन ने एक्शन लिया है। ऐसे 19 विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास आर. के. सिंह ने बताया कि रतलाम जिले में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के पालन में 01 अप्रैल से ई-विकास (ई-टोकन) उर्वरक प्रणाली के तहत ही शत-प्रतिशत उर्वरक वितरण करने के निर्देश सभी खाद विक्रेताओं को दिए गए हैं। इसके मद्देनजर कलेक्टर मिशा सिंह ने आदेशानुसार 19 निजी विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें वे विक्रेता शामिल हैं जिन्होंने 01 से 02 अप्रैल की अवधि में बिना ई-टोकन के खाद बेचा है।
ये भी पढ़ें
बताया जा रहा है कि कलेक्टर को खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत मिली थी जिसके चलते उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। यदि कारण बताओ नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो ऐसे सभी विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



