थैलेसीमिया परिवार के सदस्यों और बच्चों को मिली नई ऊर्जा, रतलाम में शीघ्र होगी विशेष कार्यशाला

थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश की उज्जैन में वार्षिक बैठक एवं HLA कैंप आयोजित हुआ। रतलाम में शीघ्र विशेष कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया।

थैलेसीमिया परिवार के सदस्यों और बच्चों को मिली नई ऊर्जा, रतलाम में शीघ्र होगी विशेष कार्यशाला
उज्जैन में आयोजित वार्षिक बैठक में उपस्थिति थैलेसीमिया परिवार के सदस्य।

उज्जैन में थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश की वार्षिक बैठक एवं HLA कैंप; 100 से अधिक बच्चे और थैलेसीमिया परिवार हुए शामिल

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के हित में कार्य कर रही थैलेसीमिया जन जागरण समिति मध्य प्रदेश की वार्षिक बैठक एवं HLA कैंप शनिवार को उज्जैन में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए थैलेसीमिया परिवारों, समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान आपसी संवाद, समस्याओं के समाधान और बच्चों के बेहतर एवं स्वस्थ भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।

बैठक में रतलाम से प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं थैलेसीमिया योद्धा वर्षा पंवार तथा जिला अध्यक्ष सुमित मोड उपस्थित रहे। उनके सुझाव और मार्गदर्शन को थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन को जीवन में अपनाकर बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा तय करने पर भी चर्चा हुई। समिति के संरक्षक सत्येंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कार्यक्रम में 100 से अधिक बच्चे एवं थैलेसीमिया परिवारों के सदस्य शामिल हुए।

ये भी पढ़ें

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, योगदान, संवाद एवं विचार-विमर्श के माध्यम से परिवारों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। आपसी समन्वय, एकजुटता और नई ऊर्जा के साथ बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए समिति निरंतर कार्य करती रहेगी। समिति के प्रदेश अध्यक्ष पं. विकास शुक्ला ने सभी सदस्यों से संगठन को और मजबूत बनाने तथा थैलेसीमिया परिवारों के हित में नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

रतलाम में होगी विशेष कार्यशाला

बैठक के दौरान प्रदेश मार्गदर्शक गोविंद काकानी ने थैलेसीमिया परिवारों के हित में शीघ्र ही रतलाम में विशेष कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा। प्रस्ताव को उपस्थित सभी सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार किया। कार्यशाला के माध्यम से थैलेसीमिया परिवारों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन, संवाद और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।

ये भी पढ़ें

प्रदेशभर से पदाधिकारियों की सहभागिता

कार्यक्रम में प्रदेश समिति के वरिष्ठ सदस्य अजय घोष, प्रकाश रोचलानी, निर्मल सतवानी, सुनील भावसार, अश्विन खत्री एवं डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी सहित नीमच, मंदसौर, दमोह, सेंधवा, इंदौर, सागर, खंडवा, भोपाल, जबलपुर आदि जिलों के जिला अध्यक्षों की गरिमामय उपस्थिति रही। विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए तथा थैलेसीमिया परिवारों के हित में किए जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उज्जैन के विनीत मेहंदीरता एवं उनकी पूरी टीम का उपस्थित थैलेसीमिया परिवारों एवं समिति सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें