किशोरी से मिलने घर पहुंचे युवक पर कांच की फूटी बोतल से हमला, 28 टांके लगाने पड़े, मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
रतलाम के औद्योगिक थाना क्षेत्र में किशोरी से मिलने पहुंचे युवक के गले पर कांच से हमला किया गया। मेडिकल कॉलेज में 28 टांके लगाए गए। पुलिस जांच में जुटी।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम। शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में मंगलवार को नाबालिग युवती से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक पर कांच के टूटे गिलास से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के गले पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। युवक के गले पर 28 टांके लगाने पड़े।
जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम समीर पिता समी कुरैशी (20), निवासी विरियाखेड़ी है। वाहन सुधारने का काम करने वाला समीर करीब 16 वर्षीय एक किशोरी से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना किशोरी के माता-पिता को दे दी। जानकारी मिलते ही वे गुस्से में घर पहुंचे जहां किशोरी के पिता का समीर से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान किशोरी के पिता ने कांच की बोतल फोड़कर समीर पर हमला कर दिया जिससे उसके गले में गंभीर लग गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें
सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। डॉक्टरों ने गले पर करीब 28 टांके लगाए। फिलहाल युवक की स्थिति नियंत्रण में बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवक के गले पर चोट किन परिस्थितियों में लगी। यह भी जांच की जा रही है घटना के वक्त कौन-कौन मौजूद था। प्रारंभिक जांच में मिली जानकारी के अनुसार किशोरी और युवक तीन साल से एक-दूसरे को जानते हैं।






