रतलाम प्रेस क्लब 30 जुलाई को देगा वर्ष 2022 के लिए उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार, शील्ड और नकद राशि मिलेगी

रतलाम प्रेस क्लब का उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार वितरण समारोह 30 जुलाई होगा। इसमें क्लब के 10 पत्रकार सदस्य उत्कृष्ट्र पत्रकारिता के लिए सम्मानित किए जाएंगे।

रतलाम प्रेस क्लब 30 जुलाई को देगा वर्ष 2022 के लिए उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार, शील्ड और नकद राशि मिलेगी
रतलाम प्रेस क्लब।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम प्रेस क्लब द्वारा पहली बार अपने सदस्यों को उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार-2022 से नवाजेगा। चयनित 10 पत्रकारों को 30 जुलाई को होने वाले समारोह में दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के रूप में शील्ड और 11-11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी और सचिव यश शर्मा ‘बंटी’ ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह 30 जुलाई को सुबह 11 बजे सैलाना रोड स्थित अमृत गार्डन पर आयोजित होगा। मुख्य अतिथि शहर विधायक एवं योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप होंगे। विशेष अतिथियों में ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, डीआईजी मनोज सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा होंगे। आयोजन में कुल 10 उत्कृष्ट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें रतलाम प्रेस क्लब के 3-3 सदस्यों को अलग-अलग श्रेणी (प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल मीडिया) में प्रदान किए जाएंगे। इसक अलावा एक पुरस्कार फोटो जर्नलिज्म के लिए रखा गया है।

इनकी स्मृति रहेगी जीवित

संस्था द्वारा अपने दिवंगत सदस्यों की स्मृति में पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रिंट मीडिया के लिए स्व. प्रकाश उपाध्याय, स्व. सुरेश पंड्या एवं स्व. सुशील नाहर स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।  इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को स्व. रमेश ललवानी, स्व. गोपाल सिंह कुशवाह एवं  स्व. प्रकाश खंडेलवाल की स्मृति में पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं डिजिटल मीडिया के साथी स्व. रमाकांत शुक्ल, स्व. चांद शर्मा एवं स्व. अशोक डोसी तथा और फोटोग्राफी के लिए स्व. गजानन शर्मा ‘मायडियर’ की स्मृति में पुरस्कृत होंगे।

इन्होंने किया खबरों का चयन

पुरस्कार हेतु क्लब के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत की गई प्रविष्टियों (खबरों) में से उत्कृष्ट का चयन प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा किया गया। वर्ष 2022 के लिए 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के दौरान प्रकाशित खबरों को शामिल किया गया। इनमें से श्रेष्ठ खबरों का चयन वरिष्ठ पत्रकार ललित उपमन्यु, कीर्ति राणा, पंकज दीक्षित, हर्षवर्धन प्रकाश, प्रशांत कालीधार डॉ. मुकेश जोशी द्वारा किया गया।