संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू, 650 दीपों से आज होगा आगाज
संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा ने रतलाम में 20 फरवरी तक चलने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की शुरुआत की। 29 जुलाई को संत रविदास चौक पर 650 दीप जलाकर अभियान का आगाज होगा।
जिला कार्यशाला में बनी छह माह की रणनीति, मंडल स्तर की टोलियों को सक्रिय करने के निर्देश; 29 जुलाई को संत रविदास चौक पर दीपोत्सव
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी ने जिले में छह माह तक चलने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' का शंखनाद कर दिया है। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को सामाजिक समरसता के संदेश के साथ इसकी शुरुआत 29 जुलाई को संत रविदास चौक पर 650 दीप प्रज्ज्वलित कर की जाएगी। अभियान के तहत 20 फरवरी तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
समरसता संकल्प अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित उजाला पैलेस में भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की जिला टोली के संयोजक एवं जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, सह-संयोजक प्रहलाद राठौर, प्रदीप चौधरी, प्रताप सिंह तथा रमेश मालवीय मंचासीन रहे। अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि संत रविदास का समरसता, समानता और सामाजिक एकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए मंडल स्तर पर गठित टोलियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर कार्य करने के निर्देश दिए।
650वीं जयंती पर 650 दीपों का दीपोत्सव
कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने बताया कि अभियान के पहले आयोजन के रूप में 29 जुलाई की शाम 7 बजे संत रविदास चौक पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 650 दीपक प्रज्ज्वलित कर संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती को समर्पित श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
ये भी पढ़ें
जिम्मेदारियों का किया निर्धारण
कार्यशाला में अभियान की सफलता के लिए संगठनात्मक रणनीति तैयार की गई और विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों का निर्धारण भी किया गया। इस दौरान पार्टी के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा मंडल अभियान समिति के सदस्य मौजूद रहे।






