रिंगनोद में सामुदायिक और हनुमंतिया में उप स्वास्थ्य केंद्र की मिली सौगात, विधायक डॉ. पांडेय के प्रयास से मिली 6 करोड़ से अधिक की स्वीकृति

जावरा विधायक के प्रयासों से विकासखंड के रिंगनोद और हनुमंतिया के स्वास्थ्य केंद्रों को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं।

Dec 18, 2021 - 23:48
Dec 30, 2021 - 02:33
 0
रिंगनोद में सामुदायिक और हनुमंतिया में उप स्वास्थ्य केंद्र की मिली सौगात, विधायक डॉ. पांडेय के प्रयास से मिली 6 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
डॉ. राजेंद्र पांडेय, विधायक- जावरा

एसीएन टाइम्स @ जावरा । क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयास निरंतर जारी हैं। इसके तहत एक सामुदायिक और एक उप स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिल गई है।दोनों केंद्रों के लिए 6 करोड़ 16 लाख रुपए भी स्वीकार किए गए है। इससे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
विधायक डॉ पांडेय विगत लंबे समय जावरा विधानसभा क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इन प्रयासों के फलस्वरूप जावरा मुख्यालय पर सिविल हॉस्पिटल को संसाधनयुक्त बनाने के साथ ही महिला चिकित्सालय का निर्माण कराया जा रहा है। बीते दिनों बाल चिकित्सालय की भी स्वीकृति मिल जाने से जावरा नगर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। विधायक डॉ. पांडेय ने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना शासन को प्रेषित की है।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक पालड़िया व प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त माध्यम से बनाई गई कार्ययोजना को स्वीकृति हेतु मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी से निरंतर आग्रह किया। इसके फलस्वरूप जावरा विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण ग्राम रिंगनोद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में किया गया है। शासन ने रिंगनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ 73 लाख 81 हजार रु. भी स्वीकृत किए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में नवीन चिकित्सालय बनने से रिंगनोद के आसपास दो दर्जन से अधिक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आकस्मिक व बेहतर चिकित्सा सेवा का लाभ मिलेगा। मरीजों को भर्ती किया जाकर विभिन्न बीमारियों का उपचार किया जा सकेगा।

जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हनुमंतिया में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली है। इस उपस्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से आसपास के एक दर्जन ग्रामीण क्षेत्र को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। विधायक डॉ. पांडेय के प्रस्ताव पर हनुमंतिया उपस्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन निर्माण के लिए 42 लाख 38 हजार रु. की राशि स्वीकृत हुए हैं। जावरा विधानसभा क्षेत्र में दोनों स्वास्थ्य केंद्रों की भवन सहित स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। जावरा विधानसभा क्षेत्र को नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र की सौगात देने पर विधायक डॉ. पांडेय ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।