MP Weather Update ! बिहार तक पहुंचा मानसून, मध्य प्रदेश में जल्द दस्तक के संकेत; कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार तक पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश में समय पर मानसून आने की संभावना बढ़ गई है। कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के दो रंग ! पूर्वी हिस्सों में बारिश और आंधी, पश्चिमी जिलों में गर्मी व उमस का कहर; कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
एसीएन टाइम्स @ भोपाल । दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए बिहार तक पहुंच चुका है, जिससे मध्य प्रदेश में इसके तय समय पर प्रवेश की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के रास्ते आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। यदि वर्तमान गति बनी रहती है तो प्रदेश में मानसून समय पर दस्तक दे सकता है।
इस बीच मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में जहां गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी क्षेत्रों के लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान रहे। एक दिन पूर्व कई जिलों में मौसम ने अलग-अलग रूप दिखाए, जिससे प्रदेश का तापमान और मौसमीय गतिविधियां चर्चा का विषय बनी रहीं।
छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं छिंदवाड़ा में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बालाघाट जिले के मलाजखंड में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहने के कारण लू जैसे हालात बने रहे और लोगों को गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा।
कई जिलों में बरसे बादल
गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में राहत की बारिश भी हुई। ग्वालियर में 12.0 मिलीमीटर, सिवनी में 7.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि दतिया और मंडला में भी हल्की बारिश हुई। बारिश और बादलों की आवाजाही से इन क्षेत्रों में तापमान में कुछ राहत महसूस की गई।
ये भी पढ़ें
तेज आंधी और बिजली चमकने से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, भिंड, दतिया और सीधी जिलों में लगभग 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। वहीं मुरैना, शिवपुरी, रीवा और सतना सहित कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली भी चमकी, जिससे मौसम अचानक बदल गया।
अगले तीन दिनों में घटेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट ली। इसके बाद तीन दिन में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने का अनुमान है। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, मुरैना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक और मौसम की तीव्र गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
ये भी पढ़ें
इन जिलों में येलो अलर्ट
विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, मैहर और पांढ़ुर्णा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों पर खड़े न रहने और आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।







