APAAR ID निर्माण के लिए रतलाम में तीन दिवसीय मेगा शिविर शुरू, विद्यार्थियों और पालकों की समस्याओं का होगा समाधान
रतलाम में 14 जून 2026 तक नगर निगम परिसर में APAAR ID निर्माण हेतु तीन दिवसीय मेगा शिविर आयोजित होगा। बीआरसी सुरेखा माना के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और पालकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
14 जून तक नगर निगम रतलाम में आयोजित शिविर में APAAR ID निर्माण और तकनीकी समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शालाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) निर्माण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद शिक्षा केन्द्र रतलाम द्वारा नगर निगम रतलाम में तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 14 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसमें विद्यार्थियों की APAAR ID बनाने के साथ-साथ निर्माण प्रक्रिया में आ रही विभिन्न समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा।
जनशिक्षक प्रकाश शुक्ला एवं सुनील गौड़ ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रतलाम जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रतलाम जनपद शिक्षा केन्द्र की नोडल अधिकारी एवं बीआरसी सुरेखा माना के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत APAAR ID तैयार करने के लक्ष्य को लेकर जून माह के प्रत्येक शनिवार को "मेगा अपार दिवस" के रूप में मनाया जा रहा है। इसी अभियान की कड़ी में यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी APAAR ID से वंचित न रहे।
नोडल अधिकारी माना ने रतलाम जनपद के समस्त पालकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि जिन विद्यार्थियों की APAAR ID अभी तक नहीं बनी है अथवा निर्माण प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी समस्या आ रही है, वे शिविर में उपस्थित होकर अपनी APAAR ID जनरेट करवा सकते हैं। साथ ही जिन अभिभावकों को APAAR ID निर्माण से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें भी शिविर में आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें
प्रत्येक विद्यार्थी की APAAR ID बनना आवश्यक
माना ने बताया कि वर्तमान समय में शासन की विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए APAAR ID का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी की APAAR ID बनना आवश्यक है। शिविर के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों की सहायता के लिए नोडल अधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ बीएसी, जनशिक्षकों एवं ऑपरेटरों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों की APAAR ID समयबद्ध तरीके से बनाई जा सके और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो सके।
ये भी पढ़ें







