रतलाम में पटवारी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाया प्रताड़ना का आरोप, नायब तहसीलदार सविता राठौर निलंबित

रतलाम में पटवारी रविशंकर खराड़ी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या। सुसाइड नोट में नायब तहसीलदार सविता राठौर पर प्रताड़ना और भ्रष्टाचार के आरोप। जानें पूरी खबर।

Apr 22, 2026 - 16:22
Apr 22, 2026 - 16:33
 0
रतलाम में पटवारी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाया प्रताड़ना का आरोप, नायब तहसीलदार सविता राठौर निलंबित
रतलाम में पटवारी रविशंकर खराड़ी की आत्महत्या के मामले में नायब तहसीलदार सविता राठौर निलंबित।

भाई की शादी की खुशियों के बीच छाया मातम, ‘अनैतिक दबाव’ का जिक्र; आक्रोशित परिजन व पटवारी संघ ने थाने का किया घेराव, FIR की मांग

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक चौंका देने वाली घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आलोट तहसील के खजूरी सोलंकी हल्के के पटवारी रविशंकर खराड़ी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पटवारी ने सुसाइड नोट में नायब तहसीलदार सविता राठौर पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इसके चलते नायब तहसीलदार को निंलबित कर दिया गया है।

पटवारी रविशंकर खराड़ी ने आत्महत्या उस समय की जब परिवार में छोटे भाई की शादी की खुशियां चल रही थीं। एक दिन पहले ही विवाह संपन्न हुआ था और घर में मेहमान मौजूद थे, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया है। घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान दो पन्नों का हस्तलिखित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में पटवारी खराड़ी ने अपनी आत्महत्या के लिए आलोट की नायब तहसीलदार सविता राठौर को जिम्मेदार ठहराया है।

150

ये हैं आरोप

500
200

सुसाइड नोट में उल्लेख है कि पटवारी पर राजस्व रिकॉर्ड, नक्शा बटांकन और मौका रिपोर्ट में कथित हेरफेर के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इनकार करने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात भी लिखी गई है। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि रविशंकर को अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए भी पर्याप्त समय नहीं दिया जा रहा था। आरोप है कि उन्हें धमकाया गया और कुछ व्यक्तियों के पक्ष में गलत कार्य करने के लिए कहा गया। साथ ही, कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग होने का भी जिक्र किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें

थाने का घेराव, FIR पर अड़े

घटना के बाद पटवारी संघ, परिजन और आदिवासी समाज में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे और देर रात तक घेराव जारी रहा। सैलाना विधायक भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी।

परिजन का आरोप और भ्रष्टाचार का संकेत

पटवारी की मां केसरबाई का आरोप है कि एक महिला अधिकारी द्वारा कथित रूप से एक किसान से रकम ली गई थी। काम नहीं होने पर संबंधित किसान द्वारा रविशंकर पर दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन मामला राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल जरूर खड़े करता है।

ये भी पढ़ें

नायब तहसीलदार निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने नायब तहसीलदार सविता राठौर को निलंबित कर दिया है। उन्होंने यह कार्रवाई संभागायुक्त के अनुमोदन पर की। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रतलाम निर्धारित किया गया है।

जांच जारी, सवाल बाकी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। यह घटना प्रशासनिक दबाव, कार्यसंस्कृति और जवाबदेही को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।