108 दिनी नर्मदा पदयात्रा की पूर्णता पर 26 अप्रैल को रतलाम में भव्य आयोजन, सामूहिक विवाह और गोसेवा अस्पताल का होगा भूमि पूजन

रतलाम में 26 अप्रैल को 108 दिनी नर्मदा पदयात्रा पूर्णता पर भव्य आयोजन, 4 जिलों की बेटियों का नि:शुल्क सामूहिक विवाह और गोसेवा अस्पताल का भूमि पूजन।

Apr 25, 2026 - 12:09
 0
108 दिनी नर्मदा पदयात्रा की पूर्णता पर 26 अप्रैल को रतलाम में भव्य आयोजन, सामूहिक विवाह और गोसेवा अस्पताल का होगा भूमि पूजन
रतलाम में 26 अप्रैल को होगा भव्य धार्मिक और सामाजिक अनुष्ठान।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम में 26 अप्रैल 2026 को एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है, जो आस्था, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी तीनों का संगम बनेगा। मां नर्मदा की 108 दिवसीय पद प्रदक्षिणा यात्रा की पूर्णता के अवसर पर न केवल हिंदू कन्याओं का नि:शुल्क सामूहिक विवाह कराया जाएगा, बल्कि गोमाता सेवा हेतु बनने वाले अस्पताल का भूमि पूजन भी किया जाएगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में रतलाम के साथ मंदसौर, उज्जैन, धार और पीथमपुर की बेटियां भी परिणय सूत्र में बंधेंगी।

परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 अवधूत श्री नर्मदानंदजी महाराज की प्रेरणा से दंगवाड़ा वाले चौधरी परिवार के दंपति राधादेवी – दिनेश (दामोदर) चौधरी के पुत्र संजय – सुमन चौधरी द्वारा मां नर्मदाजी की 108 दिन की पद प्रदिक्षणा यात्रा पूरी की गई है। इसी पुण्य उपलक्ष्य में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवीन चौधरी और संजय चौधरी द्वारा 26 अप्रैल (रविवार) को धार्मिक अनुष्ठान किया जा रहा है।

आयोजन शहर के त्रिपुंड भवन, कनेरी रोड पर होगा। मुख्य अतिथि श्री नर्मदानंदजी महाराज होंगे और अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी श्री चिदम्बरानंद सरस्वतीजी महाराज करेंगे। स्वामी श्री रघुनाथजी भारती (सिणघरी मठ बालोतरा), स्वामी श्री मणि महेश चैतन्यजी महाराज (श्री पशुपतिनाथ महादेव चैतन्य आश्रम, मंदसौर) तथा संस्कार ऋषि श्री दिनेशजी व्यास (नीलकंठधाम घटवास, रतलाम) का सान्निध्य भी मिलेगा।

ये प्रदान करेंगे आतिथ्य

आयोजन के अन्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सावित्रीबेन ठाकुर (महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री, भारत सरकार), कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, म.प्र. शासन) और राव उदयप्रताप सिंह (परिवहन एवं स्कूल शिक्षा, म.प्र. शासन), सांसद अनीता नागर सिंह चौहान (रतलाम-झाबुआ), दिलीपभाई शाह (सदस्य, एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया एवं एनमिल बोर्ड गुजरात), जावरा विधायक राजेन्द्र पाण्डेय (जावरा), पवन पाटीदार (प्रदेश अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, भाजपा म.प्र.), रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिला प्रभारी विवेक जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, रतलाम ग्रामीण के पूर्व विधायक दिलीप मकवाना एवं सैलाना की पूर्व संगीता चारेल (सैलाना) सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे।

ये भी पढ़ें

इनका भी मिलेगा मार्गदर्शन और सान्निध्य

आयोजन में अजीतसिंह महाराज (अखिल भारतीय संयोजक, गोसेवा गतिविधि), जितेंद्र पंवार (क्षेत्रीय संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद), खगेंन्द्र भार्गव (प्रांत संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद), कमल पटेल (पूर्व कैबिनेट मंत्री, म.प्र. शासन), तपन भौमिक (पूर्व अध्यक्ष, म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम) तथा प्रदीप पाण्डेय (पूर्व उपाध्यक्ष, जन अभियान परिषद, भोपाल) का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

यह आयोजन का स्वरूप

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6.00 बजे श्री गणेश पूजन से होगा, जिसके बाद 7.00 से 8.00 बजे तक मंडप, 8.00 से 8:30 बजे तक तोरण की रस्में होंगी। प्रातः 8:30 से 10.00 बजे तक शुभ लग्न में विवाह संस्कार संपन्न कराए जाएंगे। इसके बाद 10.00 से 10:30 बजे तक शुभ मिलन शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 10:30 बजे से मंचासीन संतों एवं अतिथियों का स्वागत-सत्कार तथा आशीर्वचन होंगे। दोपहर 12:45 बजे गोमाता सेवाार्थ अस्पताल का भूमि पूजन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

आयोजकों की सामाजिक पहल

इस आयोजन के आयोजक एवं संरक्षक नवीन चौधरी और सह-आयोजक संजय चौधरी हैं। उनके द्वारा नि:शुल्क सामूहिक विवाह जैसे आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी उठाना और साथ ही गोसेवा हेतु अस्पताल निर्माण की पहल करना एक सराहनीय सामाजिक प्रयास माना जा रहा है।

इनका भी मिल रहा सहयोग

अनुष्ठान को सफल बनाने में श्री सनातन धर्म सभा महारुद्र यज्ञ समिति त्रिवेणी, बद्रीनारायण सेवा ट्रस्ट, गढ़ कैलाश सेवा समिति, सनातन सोशल ग्रुप, श्री रुद्र महाकार सेवा समिति, मेहन्दीकुई बालाजी मंदिर समिति, सेवा वीर परिवार, कालिका माता सेवा मंडल और हिन्दू जागहण मंच सहयोग कर रहा है।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।